12.8 C
New York
Monday, March 23, 2026

‘तस्वीरों में देखते थे विदेशी ट्रेनें, उस सपने को हकीकत में बदला’, मालदा की रैली में बोले PM मोदी


कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) शनिवार को बंगाल (Bengal) दौरे पर हैं। पीएम मोदी सबसे पहले बंगाल के मालदा (Malda) पहुंचे, जहां उन्होंने देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन (Vande Bharat Sleeper Train) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान पीएम मोदी ने ट्रेन में बच्चों और लोको पायलटों से भी मुलाकात की और उनसे बातें कीं। इसके बाद पीएम मोदी ने मालदा में चार अमृत भारत ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पीएम मोदी ने मालदा में एक जनसभा को संबोधित किया और कहा कि हमारी रेलगाड़ियां आधुनिक हो रही है।

पीएम मोदी ने मालदा में एक जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा ‘आज मालदा से पश्चिम बंगाल की प्रगति को गति देने का अभियान और तेज हुआ है। कुछ ही देर पहले, पश्चिम बंगाल के विकास से जुड़े अनेक प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। नई रेल सेवाएं पश्चिम बंगाल को मिली हैं। इन प्रोजेक्ट्स से यहां के लोगों के लिए यात्राएं आसान होंगी और व्यापार-कारोबार भी आसान बनेगा। यहां ट्रैक मेंटेनेंस से जुड़ी जो नई सुविधाएं बनी हैं, उनसे यहां के नौजवानों के लिए नए अवसर बनेंगे। बंगाल की इस पावन भूमि से आज भारतीय रेल के आधुनिकीकरण की तरफ एक और बड़ा कदम उठाया गया है।’

 

पीएम मोदी ने कहा, ‘आज से भारत में वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों की शुरुआत हो रही है। ये वंदे भारत स्लीपर ट्रेन देशवासियों के लंबे सफर को और आरामदायक, शानदार और यादगार बनाएंगी। मालदा स्टेशन पर लोग कह रहे थे कि इस ट्रेन में बैठकर उन्हें अद्भुत आनंद हुआ। कभी हम तस्वीरों में विदेशों की ट्रेनों को देखकर कहा करते थे कि काश ऐसी ट्रेनें भारत में होती, आज हम उसी सपने को हकीकत में बदलते देख रहे हैं। मैं देख रहा हूं कि विदेशी लोग भारत की मेट्रों की, ट्रेनों की तस्वीरें बनाकर दुनिया को बता रहे हैं कि भारत की रेलों में किस तरह से क्रांति आ गई है।’ देश की ये पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, मां काली की धरती को मां कामाख्या की भूमि को जोड़ रही है। आने वाले समय में पूरे देश में, इस आधुनिक ट्रेन का विस्तार होगा। मैं बंगाल को, असम को, पूरे देश को इस आधुनिक स्लीपर ट्रेन के लिए बधाई देता हूं। आज भारतीय रेल आधुनिक होने के साथ-साथ आत्मनिर्भर भी हो रही है। ये वंदे भारत ट्रेन मेड इन इंडिया है, इसे बनाने में भारतीयों का पसीना लगा है।’

पीएम मोदी ने कहा, ‘भारत के रेल इंजन, भारत के रेल के डिब्बे, भारत के मेट्रो कोच, ये सब भारत की टेक्नोलॉजी की पहचान बन रहे हैं। आज हम अमेरिका और यूरोप से ज्यादा लोकोमोटिव्स बना रहे हैं। दुनिया के कई देशों को पैसेंजर ट्रेन और मेट्रो ट्रेन के कोच एक्सपोर्ट करते हैं। इन सब के कारण हमारी इकोनॉमी को बहुत लाभ मिलता है और हमारे नौजवानों को बहुत रोजगार मिलता है।’

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles